PM आवास योजना में खेल! रोजगार सहायक पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

Must Read

कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र मदनपुर पंचायत से प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा में भारी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन-तीन किश्त जारी होने के बावजूद कई गरीबों के मकान अब तक अधूरे पड़े हैं। ग्रामीणों ने रोजगार सहायक राकेश राठिया पर भ्रष्टाचार, मनमानी और मजदूरों के पैसों में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। सबसे बड़ा सवाल ये कि मीडिया के सवालों से बचने आखिर रोजगार सहायक क्यों गायब हो गया? देखिए ये खास रिपोर्ट।

- Advertisement -


वनांचल क्षेत्र ग्राम पंचायत मदनपुर… जहां शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना अब सवालों के घेरे में है। कागजों में आवास पूरे दिखाए जा रहे हैं… लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। कई मकान आज भी अधूरे पड़े हैं, जबकि हितग्राहियों के खाते में तीनों किश्त जारी हो चुकी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत का रोजगार सहायक राकेश राठिया खुद ठेकेदार बन बैठा और हितग्राहियों की सहमति के बिना निर्माण कार्य अपने हाथ में ले लिया। आरोप ये भी है कि निर्माण की गुणवत्ता बेहद खराब है और गरीबों के नाम पर सरकारी राशि का खेल किया जा रहा है।

सिर्फ आवास योजना ही नहीं… मनरेगा के कामों में भी गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मजदूरों को बैंक ले जाकर हजारों रुपये निकलवाए जाते हैं, लेकिन उन्हें यह तक नहीं बताया जाता कि पैसा किस मद में काटा गया। इससे गांव में भारी नाराजगी है।

जब मीडिया टीम रोजगार सहायक से जवाब लेने पहुंची तो वह घर से गायब मिला। फोन भी बंद… अब सवाल ये कि आखिर मीडिया और ग्रामीणों के सवालों से रोजगार सहायक कब तक भागेगा?

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहले ही साफ निर्देश दे चुके हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। ऐसे में अब निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि मदनपुर पंचायत में जांच होगी या फिर गरीबों के हक पर डाका डालने वालों को संरक्षण मिलता रहेगा।

फिलहाल ग्रामीण निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले को कितनी गंभीरता से लेता है।

Latest News

पुरेना मड़वारानी में बिजली खंभे में दौड़ रहा था करंट, दो महीने के बछड़े से बिछड़ी गौमाता

कोरबा जिले के ग्राम पंचायत पुरेना मड़वारानी से बेहद दर्दनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां बिजली के...

More Articles Like This