कोरबा। युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और उनके नेतृत्व कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से “माय भारत युवा कार्यक्रम” के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मंगलवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति एवं जिला समन्वय समिति की पहली बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं को ‘माय भारत यूथ वॉलंटियर’ के रूप में पंजीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं की प्रतिभा को नई पहचान देने के साथ उन्हें समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देगा।

जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कर विभिन्न शासकीय एवं सामाजिक गतिविधियों में भाग ले सकेंगे। इसके साथ ही उन्हें स्किल डेवलपमेंट, इंटर्नशिप, अनुभव आधारित सीखने के अवसर, प्रोफाइल एवं सीवी निर्माण, मेंटर्स से जुड़ने की सुविधा और वालंटियर प्रमाण-पत्र जैसी कई सुविधाएं मिलेंगी।
कलेक्टर ने सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों तथा स्कूलों के प्राचार्यों से इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देते हुए अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण किरण (आईएएस) सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, एनएसएस-एनसीसी प्रभारी, प्राचार्य और बड़ी संख्या में माय भारत यूथ वॉलंटियर्स मौजूद रहे।
