मोबाइल से होने वाले साइबर अपराध और बालक-बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर रामपुर में जागरूकता कार्यक्रम

कोरबा/करतला। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों और मोबाइल के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव को लेकर करतला पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम माध्यमिक स्तर आदिवासी बालक आश्रम रामपुर परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें प्री मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास रामपुर तथा कन्या आश्रम की छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

कार्यक्रम में करतला थाना प्रभारी गणेश यादव एवं साइबर दल द्वारा छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों की जानकारी देते हुए मोबाइल के जरिए होने वाले विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहने के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को समझाया कि अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल, मैसेज और ऑनलाइन लालच के झांसे में आने से किस तरह आर्थिक एवं व्यक्तिगत नुकसान हो सकता है।
इसके साथ ही बालक-बालिकाओं के साथ होने वाले अपराधों और उनसे बचाव को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को किसी भी संदिग्ध गतिविधि या परेशानी की स्थिति में तत्काल परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने, अपनी निजी जानकारी एवं मोबाइल संबंधी महत्वपूर्ण विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी।

इस अवसर पर ग्राम प्रमुख सहित अन्य उपस्थित लोगों ने पुलिस के इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।
PUBLIC 24X7 LIVE | सच की आवाज जन-जन के साथ
