संवाददाता-खिलावन दास महंत की रिपोर्ट
घरघोड़ा। भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मारवाड़ी महिला समिति, घरघोड़ा शाखा द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर सेवा कार्य का आयोजन किया गया। समिति की महिलाओं ने राहगीरों एवं आम नागरिकों के लिए लीची जूस और शीतल पेयजल वितरण कर मानव सेवा का संदेश दिया।
समिति के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गर्मी से परेशान लोगों को ठंडा पानी और लीची जूस उपलब्ध कराया गया, जिससे राहगीरों को काफी राहत मिली। इस दौरान सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि स्थापना दिवस को केवल उत्सव के रूप में नहीं बल्कि समाज सेवा के अवसर के रूप में मनाया गया। संस्था द्वारा समय-समय पर जनहित और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं तथा भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियां जारी रहेंगी।
स्थानीय लोगों ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौर में इस प्रकार का सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने लीची जूस एवं शीतल जल ग्रहण कर समिति का आभार व्यक्त किया।
