कोरबा। छत्तीसगढ़ की ऊर्जा नगरी कोरबा में कला, संस्कृति और प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से जागृति फाउंडेशन द्वारा भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 1 जून को आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों, प्लेबैक सिंगर्स, नन्हे-मुन्ने प्रतिभाशाली बच्चों तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी जागृति फाउंडेशन की अंजू कुर्रे एवं विकास उन्नति ऑर्गेनाइजेशन द्वारा निभाई जा रही है। आयोजकों के अनुसार यह सम्मान समारोह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनके योगदान को सार्वजनिक मंच पर पहचान दिलाने का एक प्रयास है।
इस अवसर पर मिस्टर, मिस एवं मिस्टर किड्स प्रतिभागियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्लेबैक सिंगिंग और कला क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले कलाकारों को सम्मान देकर उनकी प्रतिभा का गौरव बढ़ाया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक जागृति फाउंडेशन द्वारा यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। वर्षों से संस्था कला, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें सम्मानित करती आ रही है। कार्यक्रम में मीडिया जगत से जुड़े चुनिंदा व्यक्तियों को भी उनके योगदान के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से कोरबा, रायपुर और बिलासपुर सहित विभिन्न शहरों में कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा लगातार जारी है। जागृति फाउंडेशन का यह आयोजन उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रतिभाओं को नई पहचान और प्रोत्साहन देने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम को लेकर कलाकारों, प्रतिभागियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
