उरगा ओवरब्रिज के नीचे दर्दनाक हादसा : तेज रफ्तार बस ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत, दो गंभीर

Must Read

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग स्थित भारतमाला ओवरब्रिज के नीचे सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस ने बाइक में सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

- Advertisement -


घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में राहगीर और ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। वहीं मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल भीड़ को हटाते हुए यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।


प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि अदानी पावर प्लांट के लिए आने वाले कोयला लोड ट्रेलरों की सड़क के दोनों ओर लंबी कतार लगी रहती है। कई भारी वाहन रॉन्ग साइड भी खड़े रहते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक दिन पहले ही सड़क पर लगे जाम और अव्यवस्था की खबर प्रकाशित कर हादसे की आशंका जताई गई थी, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।


हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस फरार बस और चालक की तलाश में जुटी हुई है।


स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे खड़े ट्रेलरों को तत्काल हटाया जाए और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Latest News

युवाओं के लिए सुनहरा मौका! ‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ से मिलेगा स्किल, इंटर्नशिप और वालंटियर सर्टिफिकेट

कोरबा। युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और उनके नेतृत्व कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से "माय भारत...

More Articles Like This