संवाददाता-खिलावन दास महंत
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में कार्रवाई, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज।
रायगढ़। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में जंगली हाथियों को पत्थर मारकर और पटाखे फोड़कर परेशान करने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के ग्राम छर्राटांगर का है, जहां खेतों में पहुंचे दो जंगली हाथियों को कुछ लोगों द्वारा जानबूझकर उकसाने और भगाने का प्रयास किया गया था। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए वनमंडलाधिकारी अरविंद पी.एम. के निर्देश पर उप वनमंडलाधिकारी आशुतोष मांडवा के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने तत्काल जांच शुरू की।
गहन छानबीन के बाद वीडियो में दिखाई दे रहे दो मुख्य आरोपियों मनमोहन राठिया और करम सिंह राठिया की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2(16), 9, 51 एवं 52 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, छत्तीसगढ़ ने आम जनता से अपील की है कि हाथियों के नजदीक न जाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा रील या वीडियो बनाने के लिए उनके पास जाने का जोखिम न उठाएं। हाथियों के दिखने की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि हाथियों पर पत्थर फेंकना, पटाखे जलाकर उन्हें डराना या किसी भी प्रकार से भड़काना गैर-जमानती दंडनीय अपराध है। भविष्य में इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
