अंजू कुर्रे के नेतृत्व में पहुंची पूरी टीम, समानता और मानवता का दिया मजबूत संदेश
कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सामाजिक सरोकार और मानवता की मिसाल पेश करते हुए जागृति फाउंडेशन की डायरेक्टर, छत्तीसगढ़ की चर्चित गायिका एवं अभिनेत्री तथा मानवाधिकार राज्य अध्यक्ष अंजू कुर्रे के नेतृत्व में उनकी पूरी टीम ने कोरबा जिले में ट्रांसजेंडर एवं दिव्यांग भाई-बहनों को सम्मानित किया।

इस दौरान थाना कुसमुंडा एवं कोरबा जिले के थाना अस्पताल में पहुंचकर जरूरतमंद एवं विशेष समुदाय के लोगों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में समानता, सम्मान और भाईचारे का संदेश देना रहा।
अंजू कुर्रे के साथ जागृति फाउंडेशन की टीम के अभिषेक खूंटे, संतोष सागर, सोनिया सागर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। टीम ने सभी सम्मानितजनों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

जागृति फाउंडेशन की इस पहल की लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि सम्मान और अधिकार किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का हक है। ऐसे प्रयास सामाजिक समरसता और समानता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
