भव्य झांकी और लोक पारंपरिक नृत्य ने बांधा समां, देर रात तक झूमते रहे दर्शक
रजगामार। श्री श्री सार्वजनिक युवा गणेश उत्सव समिति मेन क्लब रजगामार के तत्वावधान में 19 सितंबर को भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोक कला, संस्कृति और पारंपरिक रंगों की शानदार झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गायिका एवं सामाजिक कार्यकर्ता अंजू कुर्रे रहीं। अंजू कुर्रे ने अपनी पूरी टीम के साथ एक से बढ़कर एक लोकगीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी सुमधुर आवाज और छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की प्रस्तुति पर देर रात तक पूरा रजगामार तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
अंजू कुर्रे न केवल अपनी गायकी के लिए जानी जाती हैं, बल्कि सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी अपनी अलग पहचान बना रही हैं। छत्तीसगढ़ी लोकगीतों के क्षेत्र में उनकी प्रस्तुतियों की लगातार सराहना हो रही है और स्थानीय स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी बढ़ रही है।
कार्यक्रम के दौरान भव्य झांकी और लोक पारंपरिक नृत्य भी प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराया। समिति के सदस्यों ने अंजू कुर्रे एवं उनकी पूरी टीम का श्रीफल और शॉल भेंटकर सम्मान किया।
पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में यशवंत जटवार जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समन्वय और समिति के सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में देर रात तक चलता रहा।
रजगामार में आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या गणेश उत्सव के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी लोककला और संस्कृति को समर्पित एक यादगार आयोजन बन गई, जिसका लोगों ने भरपूर आनंद लिया।
