कोरबा। शासकीय हाई स्कूल विजयनगर एवं मिडिल स्कूल बिंझरा परिसर में योग सप्ताह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य भैयाराम कंवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। योगाचार्य एडवोकेट शिवचरण चौहान और योग प्रशिक्षक एवं विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण दास महंत ने योग की विभिन्न मुद्राओं और क्रियाओं का जीवंत प्रदर्शन कर विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य शिवचरण चौहान ने शीर्षासन, चक्रासन, गोमुखासन तथा नौली क्रिया का अद्भुत प्रदर्शन कर सभी को अचंभित कर दिया। वहीं योग प्रशिक्षक लक्ष्मण दास महंत ने योग प्रार्थना के साथ प्राणायाम और कपालभाति का अभ्यास कराया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए राज्यपाल पुरस्कृत प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने कुंजल, जलनेती, घृतनेती, सूत्रनेती और शंख प्रक्षालन जैसी योग क्रियाओं की विधि, लाभ एवं सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने खगासन और ब्रह्मांजलि मुद्रा का प्रदर्शन भी किया।

इस अवसर पर प्राचार्य श्रीमती नीलू अवस्थी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्राचार्य नीलू अवस्थी ने अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं सभी प्रतिभागियों को योग सप्ताह की शुभकामनाएं देते हुए सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

